बूथ विजय अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, जिलाध्यक्ष ने बूथों पर पार्टी नेता पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल ।

भारतीय जनता पार्टी का बूथ विजय अभियान बुधवार से प्रारंभ हुआ। इस 10 दिवसीय अभियान के पहले दिन पार्टी के नेता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि विभिन्न बूथों पर पहुंचे तथा बूथ कार्यकर्ताओं की बैठकें लीं। पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा राजधानी भोपाल के बूथों पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को ध्यान में रखते हुए स्थाई लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आग्रह किया।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बूथ क्र. 216 पर पहुंचे

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बूथ विजय अभियान के तहत आज बुधवार को गोविंदपुरा विधानसभा के अवधपुरी मंडल के वार्ड क्रमांक 61 के बूथ क्रमांक 216 पर क्रिस्टल कैंपस कॉलोनी में बूथ अध्यक्ष श्री गिरीश कुमार सिंह के निवास बी-48 पहुंचकर बूथ समिति की बैठक को संबोधित किया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने पन्ना प्रमुखों एवं पन्ना प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने लाभार्थियों से संपर्क कर उनसे संवाद किया और उनके साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, बूथ अध्यक्ष गिरीश कुमार सिंह और राजेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बूथ अध्यक्ष के घर पर स्टीकर चिपकाए और लाभार्थियों को पत्रक भी वितरित किए।

हर पात्र व्यक्ति को दिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ- अजय जामवाल

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल बूथ विजय अभियान के अंतर्गत बुधवार को दक्षिण पश्चिम विधानसभा के वार्ड क्र. 33, भीमनगर के बूथ क्रमांक 141 पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इसके उपरांत जामवाल ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान बूथ विस्तारक शंकर मकरोनिया, बूथ अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा टीलाजमालपुरा के बूथ क्रं. 127 पर पहुंचे

भारतीय जनता पार्टी के भोपाल लोकसभा के प्रत्याशी आलोक शर्मा बुधवार को बूथ विजय अभियान के तहत टीलाजमालपुरा के बूथ क्रमांक 127 पर पहुंचे। उन्होंने बूथ पर दो घण्टे से ज्यादा समय दिया। इस दौरान आलोक शर्मा ने बूथ कमेटी व पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक कर पिछले विधानसभा चुनाव में मिले मतों का ब्यौरा देखा। शर्मा ने पार्टी के संकल्प अनुसार प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट बढ़ाने की युक्ति बताई। आलोक शर्मा ने कहा कि घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना है। युवा मतदाताओं को जोड़ना है। महिलाओं की बैठक, समाज के विभिन्न वर्गों की नियमित बैठकें करके ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की रीति-नीति से जोड़ना और केंद्र व मप्र सरकार की योजनाओं के लाभ से अवगत कराना है। इस दौरान आलोक शर्मा ने महिला लाभार्थियों के साथ संवाद किया और सेल्फी ली।

चटाई पर बैठकर चाय पर चर्चा

बूथ विजय अभियान के अंतर्गत आलोक शर्मा अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थी गरीबदास के घर पहुंचे और नीचे चटाई पर बैठकर परिवार से चाय पीते हुए चर्चा की परिवार का हाल जाना। उन्होंने इस दौरान परिवार को मिल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की भी जानकारी ली।

दीवार लेखन किया

दीवार लेखन के जरिये मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार जैसे नारे दीवारों पर लिखे। विदित हो चुनावों के दौरान नारों के बड़ा महत्व है।

आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर संवाद किया

प्रत्याशी आलोक शर्मा टीलाजमालपुरा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों से संवाद किया। उन्हें मिल रही सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

इसी प्रकार जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी दक्षिण पश्चिम विधानसभा के करूणाधाम मंडल, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी भोपाल दक्षिण पश्चिम विधानसभा के टैगोर मंडल, पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह भोपाल मध्य के शाहपुरा मंडल, विधायक कृष्णा गौर गोविन्दपुरा मिसरोद मंडल, रामेश्वर शर्मा हुजूर विधानसभा के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल, महापौर मालती राय पंचशील मंडल, रजनीश अग्रवाल करूणाधाम मंडल, आलोक संजर शाहपुरा मंडल, राहुल कोठारी बरखेडी मंडल, रविन्द्र यति डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल, किशन सूर्यवंशी करूणाधाम मंडल और जगदीश यादव गांधीनगर मंडल में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *