भोपाल। शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्री हिंदू उत्सव समिति रजि. 63 भोपाल की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर को भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। भगवान राधा-कृष्ण की आराधना और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों के साथ निकलने वाला यह समारोह शहर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बनाएगा।
समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि चल समारोह शाम 6:30 बजे घोड़ा निक्कास स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होगा। यात्रा जनकपुरी, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, सोमवारा और कमला पार्क होते हुए शीतलदास की बगिया पहुंचेगी। समारोह में आकर्षक झांकी, सुसज्जित बग्घी, ढोल और दो बैंड की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
शीतलदास की बगिया में भव्य आतिशबाजी के बीच भगवान राधा-कृष्ण का नौका विहार होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया जाएगा। समिति ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। चल समारोह के सफल संचालन के लिए अशोक विश्वकर्मा को संयोजक बनाया गया है।
चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि शरद पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का पर्व है। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। समिति प्रवक्ता संदेश नेमा ने भी भक्तजनों से समारोह में सहभागिता का आग्रह किया।