भोपाल। विजयादशमी पर अशोका गार्डन दशहरा मैदान में श्री दुर्गा धाम हिंदू उत्सव समिति की ओर से भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रिमोट से 60 फीट ऊंचे रावण और 55 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया।
मंत्री सारंग ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपने मोबाइल की टॉर्च जलाने का आह्वान किया। देखते ही देखते पूरा मैदान मोबाइल की रोशनी से जगमगा उठा और यह नजारा आयोजन का खास आकर्षण बन गया।
मंत्री सारंग ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सभी के लिए आदर्श है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, साहस और मर्यादा को अपने आचरण में उतारना चाहिए। कार्यक्रम में महापौर मालती राय, समिति अध्यक्ष वीरेंद्र पप्पू राय, कार्यकारी अध्यक्ष बीएस राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
समिति अध्यक्ष वीरेंद्र पप्पू राय ने बताया कि दशहरा महोत्सव लगातार 23 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के दौरान भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकी रथ पर सवार होकर क्षेत्र में निकली और मुख्य स्थल पर पहुंचने पर उसका स्वागत किया गया।
समिति की ओर से दर्शकों के लिए बैठने, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोगों ने रावण दहन के साथ विजयादशमी का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया।