भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को करें परास्त : अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने किया भारतीय जनता पार्टी के नए सदस्यता अभियान का शुभारंभ

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल/ग्वालियर। मध्यप्रदेश का कार्यकर्ता देवदुर्लभ और अनुभवी कार्यकर्ता है। यहां के कार्यकर्ता के पास लंबा अनुभव है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता ने चुनाव जीते भी हैं और जिताए भी हैं। आज हम जिस पद पर भी हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। इसलिए यह चुनाव भाजपा के भविष्य का चुनाव है, भारतमाता के वैभव को परम शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर करोड़ों गरीबों के जीवन में जनसंघ के दीप के उजियारे को प्रदीप्त करने का चुनाव है। हम सभी को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। भारतमाता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए इस चुनाव में हमें 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा। यह बात केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। अमित शाह जी ने इस अवसर पर पार्टी के नए सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की।

जब दुनिया में गूंजेंगे भारतमाता के जयकारे, तब पूरा होगा हमारा लक्ष्य

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का विजय अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। जिस दिन पूरी दुनिया भारत माता के जयकारे लगाएगी, उस दिन यह लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए बने हैं, क्योंकि विजय आपका स्वभाव है, आपका पराक्रम है और विजय ही आपका लक्ष्य है। हमें लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। मैं गारंटी के साथ आपसे कहता हूं कि 30 साल तक मध्यप्रदेश में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराता रहेगा।

नहीं चलेंगे जातिवाद, तुष्टिकरण और परिवारवाद

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2018 में चुनाव हम नहीं हारे थे, एक लाख वोट हमें अधिक मिले थे। इस बार जातिवाद, तुष्टिकरण, परिवारवाद सामने आएगा, लेकिन यह सब चलने वाला नहीं है क्योंकि प्रदेश की जनता कांग्रेस को अच्छी तरीके से जान गई है। इस बार राष्ट्रवाद की विजय होगी। हर पेज प्रमुख के साथ बैठकर 50 प्रतिशत वोट हासिल करने का संकल्प दिलाना है। यहां से हमें यही संकल्प लेकर जाना है। हमारी विजय बहुत जरूरी है।

आतंकवाद को समूल नष्ट किया मोदी सरकार ने

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। देश में जब कांग्रेस की सरकारें थी, पाकिस्तान से सिमी, आईएसआई के आतंकी घुसते थे और हमारी सेना पर हमला करते थे। लेकिन मौनी बाबा कुछ नहीं बोलते थे, चुप रहते थे। मोदी जी आए, उरी में हमला हुआ तो पाकिस्तान के घर में घुसकर सर्जिकल, एयर स्ट्राइक कर आतंकवाद का समूल नष्ट किया। हमने इस देश को सुरक्षित करने का काम किया। भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए सारे काम किए हैं। आज भारत की तरफ पूरी दुनिया विश्वास के साथ देख रही है। आज भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पांच साल में हम तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। हम पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के संकल्पों को पूरा कर रहे हैं। आज हर गरीब को अपना जीवन स्तर सुधारने का मौका सरकार ने दिया है। 9 सालों में गरीबों का जीवन स्तर सुधारने का काम केन्द्र सरकार ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *