क्राइम ब्रांच ने महिला सहित दो को पकड़ा, 14.19 ग्राम एमडी और मोबाइल जब्त; जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये
भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 14.19 ग्राम एमडी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से मोबाइल भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से एमडी लेकर भोपाल पहुंचे थे।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला एमडी बेचने के लिए आने वाली है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी की। बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध महिला को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्रद्धा चौकीकर (38), निवासी रेलवे कॉलोनी, छिंदवाड़ा और वर्तमान में भोपाल में रहना बताया। महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जैकेट की जेब से पारदर्शी पन्नी में सफेद क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला। तौल करने पर पन्नी सहित उसका वजन 14.19 ग्राम पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत पदार्थ जब्त कर सीलबंद किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि वह दो दिन पहले राजेन्द्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी और वहां से एमडी लेकर आई थी। उसकी निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की टीम ने साकेत नगर स्थित रीगल होटल के पास से राजेन्द्र राय (37), निवासी नरोजाबाद, जिला उमरिया को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढ़ार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अशोक मरावी और उनकी टीम ने की।