2.14 ग्राम एमडी, एक्टिवा व मोबाइल जब्त; ग्राहक का इंतजार करते रंगे हाथ पकड़े गए तस्कर
भोपाल। गृहमंत्रालय की गाइडलाइन के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच भोपाल ने गोविंदपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.14 ग्राम एमडी (कीमत लगभग 2 लाख रुपए), एक एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्तूरबा अस्पताल के पास स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ एमडी बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम हर्ष यादव (22) निवासी जाटखेड़ी एवं सौरभ तेजवानी (23) निवासी रोहित नगर बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी गुरदीप सिंह (22) निवासी निर्मल स्टेट, भैरोपुर को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने आरोपियों को एमडी ड्रग्स सप्लाई करना स्वीकार किया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है, जिसके आधार पर आगे की जांच जारी है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि क्राइम ब्रांच द्वारा शहर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।