भोपाल के टेकरी साहिब में तैयार ‘गुरु नानक निवास’, 12 अप्रैल को होगा उद्घाटन

भोपाल। ईदगाह हिल्स स्थित गुरुद्वारा टेकरी साहिब में सेवादार निवास एवं यात्री निवास निर्माण कार्य के तहत तैयार परिसरों का उद्घाटन 12 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे किया जाएगा। यह उद्घाटन भोपाल के वरिष्ठ सिख जनों की उपस्थिति में संपन्न होगा।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई इस परियोजना के अंतर्गत कुल 8 एमआईजी फ्लैट बनाए जाने हैं, जिनमें से 4 फ्लैट पूर्ण रूप से तैयार हो चुके हैं। इन फ्लैट्स को “गुरु नानक निवास” नाम दिया गया है और इन्हें गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों को सेवा अवधि के दौरान निःशुल्क आवास के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।

तैयार फ्लैट्स की चाबियां मुख्य ग्रंथी ज्ञानी इकबाल सिंह, हेड ज्ञानी कुलविंदर सिंह, सेवादार यशपाल सिंह एवं वरिष्ठ सेवादार बाबू सिंह को सौंपी जाएंगी।

इसके अतिरिक्त यात्री निवास परियोजना के अंतर्गत कुल 23 कमरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें से 3 वीआईपी कमरे लगभग तैयार हो चुके हैं। इन कमरों को “बख्शीश निवास” नाम दिया गया है। शेष 12 वीआईपी कमरे एवं 8 डीलक्स रूम का निर्माण कार्य जारी रहेगा।

कमेटी के अनुसार शेष 4 एमआईजी फ्लैट्स का निर्माण भी शीघ्र पुनः प्रारंभ कर लगभग एक वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही अन्य सेवादारों को भी आगामी एक वर्ष के भीतर आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वीआईपी कमरों के साथ किचन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। संपूर्ण भवन का निर्माण कार्य भोपाल की संगत के सहयोग से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *