निशातपुरा पुलिस ने ट्रक से पकड़ी 1075 पेटी अवैध शराब, कीमत 96 लाख

तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास पकड़ा; चालक गिरफ्तार

भोपाल। निशातपुरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आयशर ट्रक से 1075 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 96 लाख रुपए और ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात वायरलेस पर सूचना मिली कि एक ट्रक गांधी नगर से करोंद की ओर तेज रफ्तार में जा रहा है। पुलिस टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका। आगे आधार अस्पताल के पास ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी और भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को रोक लिया।

जांच में ट्रक से ब्लैक फोर्ट प्रीमियम रम की 90, 180 और 750 एमएल की कुल 1075 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें लगभग 9700 लीटर शराब थी। शराब के परिवहन, क्रय-विक्रय संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रक क्रमांक MP04YJ9902 भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार चालक की पहचान राम किशन बमोरिया (38), निवासी मंडीदीप, जिला रायसेन के रूप में हुई है। शराब की पेटियों पर सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड, रोजराहक, जिला रायसेन का नाम अंकित मिला है। पुलिस शराब परिवहन में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *