भोपाल। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बैरागढ़ क्षेत्र के इंद्रा नगर पंप हाउस के पास एक युवक को 214 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 14 हजार रुपए बताई गई है।
एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक इंद्रा नगर पंप हाउस के समीप अवैध मादक पदार्थ लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम गठित की गई और मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत मारन उर्फ भूरा (23) निवासी ग्राम बिसनखेड़ी, थाना गांधी नगर (हाल पता बैरागढ़) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग की पन्नी में रखा 214 ग्राम अवैध मादक पदार्थ चरस बरामद हुआ। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और 210 रुपए नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी ने बरामद चरस को अपना होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।