भोपाल | राजधानी की बागसेवनिया पुलिस ने जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर यूआरसी प्लांट के सामने अमराई स्थित एक खंडहर में चल रहे सट्टे के अड्डे पर छापेमारी कर 07 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि अमराई के एक खंडहर में बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खंडहर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद स्टाफ ने सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शिवम गिरी, सिद्धार्थ ब्राम्हणे, शंकर पनघड़िया, राकेश नामदेव, संजय कोतकर, बिक्की गिरी और दीपेश जाटव के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सट्टा अंक लिखी पर्चियां, लीड पेन और कुल ₹53,500 नगद जब्त किए गए। पर्चियों पर लाखों के दांव का हिसाब लिखा हुआ था। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना बागसेवनिया में अपराध क्रमांक 96/26 और 97/26 के तहत धारा 4(क) जुआ एक्ट एवं 3/4 सट्टा एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।