भोपाल | महाशिवरात्रि पर्व और निकलने वाले जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भोपाल पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में थाना मंगलवारा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो संदिग्ध बदमाशों को अवैध धारदार छुरियों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रपटा वाली गली, छावनी रोड पर दो लंबे कद के संदिग्ध व्यक्ति किसी वारदात की नीयत से खड़े हैं। सूचना मिलते ही गश्त अधिकारी और चार्ली टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और सलमान (32) निवासी इस्लामपुरा तथा अनस (27) निवासी तलैया को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के पास से अवैध लोहे की धारदार छुरियां बरामद हुईं, जिन्हें उन्होंने अपनी कमर में छिपा रखा था। पुलिस ने धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सलमान शातिर अपराधी है और उस पर विभिन्न थानों में पहले से 04 अपराध पंजीबद्ध हैं।