भोपाल। क्राइम ब्रांच भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वर्षों से फरार चल रही स्थायी वारंटी महिला आरोपी को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 5.91 ग्राम एमडी ड्रग, दो मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।
एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि झरनेश्वर मंदिर के पास भीमनगर क्षेत्र में एक महिला और युवक स्कूटी पर खड़े होकर मादक पदार्थ एमडी की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के आधार पर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम निधि ठाकुर (35) निवासी अयोध्या नगर भोपाल तथा युवक ने उजेर उर्फ माहिर खान (21) निवासी जहांगीराबाद भोपाल बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से पारदर्शी पन्नी में रखा क्रिस्टलनुमा ब्राउन रंग का पदार्थ बरामद हुआ, जिसे इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर 5.91 ग्राम पाया गया। आरोपियों ने उक्त पदार्थ को एमडी ड्रग बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला आरोपी पूर्व में संगीन अपराध में वांछित थी और करीब पांच वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रही थी। वह अन्य प्रकरणों में भी फरार घोषित थी। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई वैधानिक प्रक्रिया के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। मामले में आगे की विवेचना जारी है।