इनामी व स्थाई वारंटी समेत कई कुख्यात बदमाश पकड़े, सोना-चांदी, वाहन और गांजा जब्त
भोपाल। अपराध नियंत्रण के विशेष अभियान के तहत नगरीय पुलिस जोन-4 की टीम ने 10-11 फरवरी की दरम्यानी रात अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा में योजनाबद्ध दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अवधेश गोस्वामी के निर्देशन में चलाए गए कांबिंग गश्त अभियान के दौरान डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में करीब 400 पुलिसकर्मियों की टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश की। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पिछले कई महीनों से अन्य राज्यों व जिलों की पुलिस टीमें थाना निशातपुरा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में आ रही थीं। सूचना थी कि कई फरार आरोपी अमन कॉलोनी में छिपे हुए हैं। पूर्व में दबिश के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस कार्रवाई में बाधा डाले जाने की भी जानकारी सामने आई थी। इसी के मद्देनजर इस बार व्यापक रणनीति के साथ कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान कुल 31 पुरुष और 8 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 5 स्थाई वारंटी शामिल हैं, जिनके विरुद्ध 7 स्थाई वारंट जारी थे। कई आरोपी अन्य राज्यों में भी वांछित बताए गए हैं तथा कुछ पर इनाम घोषित है। पुलिस ने चोरी के संदेह में 17 दोपहिया वाहन, 39 मोबाइल फोन, लगभग 644 ग्राम सोने और 240 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 1 लाख 35 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान नाजमा नामक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया गया, जिस पर पृथक से एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और कई लंबे समय से फरार चल रहे थे। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जोन-4 मलकीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त अक्षय चौधरी सहित आठ एसीपी, 16 निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।