प्रदेश का सबसे अद्भुत शिव महोत्सव: सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का होगा निर्माण, कोलार के हर घर पहुँचेगा ‘महादेव का प्रसाद’

भोपाल | कोलार क्षेत्र में विगत आठ वर्षों से निकाली जा रही ऐतिहासिक शिव बारात इस वर्ष अपने 9वें वर्ष में एक भव्य ‘शिव महोत्सव’ के रूप में मनाई जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को 21 ब्राह्मणों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और रुद्राक्ष पूजन के साथ हुई। आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि पूजन के पश्चात अब समिति के सदस्य उज्जैन और भोजपुर जाकर बाबा भोलेनाथ को महोत्सव का निमंत्रण देंगे। इस वर्ष कार्यक्रम में सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण भी किया जाएगा, जो क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए समर्पित होगा। समिति के भागवत उइके और सचित गुजर ने जानकारी दी कि इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा किया जाएगा। मुख्य आयोजन 15 फरवरी 2026 को होगा, जिसमें प्रदेश की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक शिव बारात निकाली जाएगी। शिव बारात ‘आम्र विलास मैरिज गार्डन’ से शुरू होकर नयापुरा, महाबली नगर समेत कोलार के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए ‘साईं नाथ कॉलोनी हनुमान मंदिर’ पहुँचेगी। समापन पर समिति द्वारा आम जनता को 51,000 अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरित किए जाएंगे और मातृशक्ति को स्टील के कलश भेंट किए जाएंगे। पूजन के दौरान राजू मांडवी, प्रदीप वर्मा, विशाल दोहरे, डॉ. हीरेंद्र सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *