अतंरिक्ष विज्ञान का हब बनेगा भोपाल : दिल्ली में कृष्णा गौर की बड़ी पहल, PMJVK योजना के तहत ‘सिम्युलेटरी स्पेस सेंटर’ की मांग

भोपाल/नई दिल्ली। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत भोपाल में “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सिम्युलेटरी स्पेस सेंटर” की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा।

कृष्णा गौर ने बताया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित पीएमजेवीके योजना अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और आधारभूत संरचना को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से इस सेंटर की स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, उपग्रह तकनीक और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से परिचित कराया जाएगा। यह केंद्र युवाओं को अंतरिक्ष एवं तकनीकी क्षेत्रों में करियर निर्माण के लिए प्रेरित करेगा और विज्ञान शिक्षा को नई दिशा देगा।

कृष्णा गौर ने केंद्र सरकार से इस परियोजना के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि योजना का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

इसी दौरान भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर उन्हें नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *