भोपाल। पंजाबी समाज ने राजधानी भोपाल में 13 जनवरी 2026 को पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ लोहड़ी पर्व मनाया। यह पर्व सुख-समृद्धि और पारिवारिक खुशियों का प्रतीक माना जाता है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने अपने-अपने घरों एवं सामुदायिक स्थलों पर लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया।

लोहड़ी पर्व के अवसर पर गोबर के कंडों से अग्नि जलाकर उसमें तिल, गुड़, मूंगफली, रेवड़ी और घी अर्पित किए गए। इसके साथ ही पारंपरिक पंजाबी गीतों पर नृत्य, भंगड़ा और गिद्दा का आयोजन किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। शहंशाह गार्डन में महिलाओं ने देर रात तक खूब मस्ती की और गानों पर डांस किया।
ईदगाह हिल्स, लालघाटी, पंजाबी बाग, शहंशाह गार्डन सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में लोहड़ी पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कई स्थानों पर सामूहिक आयोजन भी हुए, जहां सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने बताया कि लोहड़ी केवल एक त्योहार नहीं बल्कि आपसी भाईचारे, खुशहाली और संस्कृति से जुड़ाव का प्रतीक है।