पुराने विवाद में युवक पर धारदार हथियार व पत्थरों से हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल । अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमनगर में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार, डंडे और पत्थरों से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल युवक का उपचार हमीदिया अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार फरियादी सौरभ विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 फरवरी की रात लगभग 7:30 बजे वह अपने परिचित रावेन्द्र सेन के साथ चार नल क्षेत्र में खड़ा था। इसी दौरान आकाश उर्फ अक्कू, विशाल उर्फ चपटी और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने रावेन्द्र सेन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आकाश ने धारदार हथियार से सिर पर वार किया, विशाल ने डंडे से प्रहार किया तथा अन्य साथियों ने पत्थरों से हमला किया।

बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी आरोपियों ने धमकाया। हमले में रावेन्द्र सेन को सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उसे पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर 25 फरवरी को पांच आरोपियों शिवम यादव, दीपक पाल, दीपक राठौर, विशाल सूर्यवंशी उर्फ चपटी और आकाश चौधरी उर्फ अक्कू को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *