मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देखी ‘शतक’ फिल्म, राष्ट्र विचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए फिल्म को किया टैक्स फ्री

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के कोलार रोड स्थित डीडीएक्स प्लाजा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म ‘शतक’ का प्रदर्शन देखा।

फिल्म देखने के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना राष्ट्र विचार को सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने देश की स्वतंत्रता से पूर्व ही ‘आजाद भारत’ के स्वरूप की कल्पना कर ली थी और एक सशक्त राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य रखा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र विचार के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस फिल्म को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों में भी फिल्म को करमुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उल्लेख किया कि डॉ. हेडगेवार स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में विभिन्न राष्ट्रीय नेताओं के संपर्क में रहे और देशहित में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि संगठन ने विभिन्न क्षेत्रों—साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, मजदूर, किसान और विद्यार्थी—में कार्य कर समाज जीवन को सशक्त बनाने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से निर्मित यह फिल्म नई पीढ़ी को राष्ट्र विचार से जोड़ने का माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से फिल्म देखने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *