मोहन यादव बोले- यह आवास मेरा नहीं, प्रदेश की 9 करोड़ जनता का है
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को अपने निवास पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का मंत्रोच्चार के साथ अनावरण किया। इस अवसर पर घड़ी से जुड़ा मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से संवाद करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला।
भारत का ज्ञान मानवता के लिए – सीएम
सीएम मोहन यादव ने कहा, हमारे भारत का ज्ञान और कौशल समूची मानवता के लिए है। सम्राट विक्रमादित्य के काल में सुशासन के उच्चतम मापदंड स्थापित हुए। यह समृद्ध भारतीय ज्ञान परंपरा है, जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “भगवान श्रीकृष्ण जी, उज्जैन और काल-गणना को जोड़ती यह विरासत हमारे गौरव का प्रतीक है।”
प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण भारत को आगे ले जा रहा – सीएम
मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के साथ भारत आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा, ये भारत का समय है, और हमें अपने इतिहास और विरासत पर गर्व करना चाहिए।
मोबाइल ऐप से मिलेगा वैदिक समय की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि विक्रमादित्य वैदिक घड़ी अब मोबाइल ऐप के माध्यम से भी उपलब्ध है। इसे डाउनलोड कर लोग अपने फोन पर हर उपयोगी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आवास के बाहर भी वैदिक घड़ी स्थापित की गई है, जिससे आम जनता भी इसका लाभ उठा सके।
आवास मेरा नहीं, जनता का है
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट कहा, जिस मुख्यमंत्री आवास पर यह वैदिक घड़ी स्थापित हुई है, यह आवास मेरा नहीं, प्रदेश की 9 करोड़ जनता का है।
मुख्य बातें:
सीएम निवास पर वैदिक घड़ी का अनावरण।
घड़ी से जुड़ा मोबाइल ऐप लॉन्च।
सीएम बोले- हमें अपने इतिहास पर गर्व होना चाहिए।
उज्जैन, कालगणना और भारतीय परंपरा को जोड़ा गया।