भोपाल। थाना अशोका गार्डन पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ला दिया है। अयान खाँन उर्फ मोगली और रेहान खाँन उर्फ बच्चा को पुलिस ने तकनीकी और चक्षुदर्शी साक्ष्यों की मदद से दबोच लिया। पुलिस उपायुक्त जोन-01 ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3,000 रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। घटना 14 अप्रैल 2025 की रात लगभग 11:40 बजे हुई थी। नफीस खान (32) अपने बड़े भाई बबलू उर्फ रफीक के साथ परिहार चौराहे पर खड़े थे, तभी एक स्कूटी चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इसी दौरान एक अन्य युवक ने नफीस पर हमला किया और छुरी से पीठ में दो वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ समय बाद आरोपी वापस लौटे और नफीस के भाई पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी माथे और गर्दन पर चोटें आईं। पुलिस ने विशेष सूत्रों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और फरार दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। रेहान खाँन उर्फ बच्चा को 27 अगस्त को थाना निशातपुरा की मदद से गिरफ्तार किया गया, जबकि अयान खाँन कुरैशी उर्फ मोगली को 29 अगस्त को थाना महू, जिला इंदौर से पकड़ा गया। अपराध के बाद दोनों आरोपी भोपाल, नागपुर, मुंबई, कानपुर और महू में फरार रहे। अयान खाँन (24) ऑटो चालक है और पहले से कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है। वहीं, रेहान खाँन (19) कपड़ों की फेरी लगाता है और उसके भी पहले कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है ताकि घटना में प्रयुक्त हथियार, स्कूटी और अन्य संभावित अपराधों की जानकारी प्राप्त की जा सके।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान आरोपियों ने अन्य शहरों में कोई और अपराध तो नहीं किया।