प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने के खिलाफ भाजपा ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल में लिंक रोड नंबर-एक, छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा के सामने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद के नेतृत्व में राहुल गांधी की सांकेतिक अर्थी निकाली और माफी की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माताजी को अपमानित करना कांग्रेस नेताओं की संस्कृति और परंपरा बन गई है। उन्होंने बताया कि बिहार की सभा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मंच से इस प्रकार की टिप्पणी की। यह घटना भाजपा कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और समाज के संभ्रांत जनों में आक्रोश का कारण बनी है। खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने केवल प्रधानमंत्री की माताजी का ही नहीं बल्कि देश की संपूर्ण मातृशक्ति का अपमान किया है। विरोध प्रदर्शन में हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, छत्रपति शिवाजी चौराहे से कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक सांकेतिक अर्थी लेकर पहुंचे और उसे सड़क पर जलाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान मातृशक्ति का अपमान करने पर राहुल गांधी से माफी की मांग की गई। भोपाल के अलावा प्रदेश के कई जिलों में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालयों के सामने पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, विधायक भगवानदास सबनानी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और सांसद माया नारोलिया, महापौर मालती राय, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।