भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में भोपाल की नरेला विधानसभा शनिवार को देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठी। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में यहां चार मंडलों में एकसाथ विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई।
चारों मंडलों में एकसाथ निकली तिरंगा यात्रा
सम्राट अशोक, नेताजी सुभाष, स्टेशन और महामाई मंडल में नागरिकों ने देशभक्ति के जोश के साथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा निकाली। युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भारी भागीदारी रही। मोहल्लों से शुरू होकर यात्रा मुख्य चौराहों तक पहुंची, जहां ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों ने माहौल को देशप्रेम से भर दिया।
अशोका गार्डन से परिहार चौराहे तक निकली मुख्य यात्रा
मुख्य तिरंगा यात्रा अशोका गार्डन दशहरा मैदान से शुरू होकर परिहार चौराहे तक निकाली गई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
मंत्री विश्वास सारंग का संबोधन: “तिरंगा हमारी शक्ति का प्रतीक”
इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा, “तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं है, यह भारत की एकता, संकल्प और शक्ति का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर हमारे देश की सैन्य शक्ति और राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही करने में सक्षम हो चुका है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में भोपाल महापौर मालती राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति और बड़ी संख्या में नागरिक, युवा एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
नरेला विधानसभा में देशभक्ति की अनूठी झलक
पूरी नरेला विधानसभा इस दिन तिरंगामय नजर आई। हर गली, हर मार्ग और हर चौराहा देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। यह आयोजन न सिर्फ सेना के सम्मान में एक श्रद्धांजलि था, बल्कि नए भारत के संकल्प को भी दर्शाता है।