मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री ने जिला कार्यालय का किया लोकार्पण

कार्यकर्ताओं और जनता के समाधान का केन्द्र बनेगा कार्यालय 

विदिशा सुखदेव सिंह अरोड़ा कार्यालय भवन की आत्मा उसका कार्यकर्ता होता है। भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल है। आज पंच से प्रधानमंत्री तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। इस अमृतकाल में भारतीय जनता पार्टी का बूथ स्तर तक विस्तार करना हर कार्यकर्ता का कर्त्तव्य है। यह कार्यालय कार्यकर्ताओं के काम का केन्द्र और जनता के तकलीफों का समाधान और केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित करवाने का केन्द्र बनेगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को विदिशा जिले के नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने अपने उदबोधन में पुराने कार्यालय भवन से जुड़ी स्मृतियां भी कार्यकर्ताओं से साझा की।शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द ने जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विदिशा पार्टी जिले के नवनिर्मित जिला कार्यालय का लोकार्पण किया गया।

कार्यकर्ताओं के परिश्रम से इस मुकाम पर पहुंची पार्टी : शिवराज सिंह

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उदबोधन में कार्यालय से जुड़ी यादें ताजा करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता साथियों के सहयोग से विदिशा का भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय बनकर तैयार हुआ है। मैं सभी कार्यकर्ता साथियों को और सहयोगियों को इस नये कार्यालय के निर्माण में सहयोग प्रदान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह भवन केवल एक ईंट गारे का भवन नहीं है, हमारी विचारधारा के पवित्र काम का पवित्र मंदिर है। हम इस मंदिर से संगठन के काम का विस्तार और जनता के कल्याण का कार्य करें। बहुत कठिनाईयों से काम खडा हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हितग्राहियों से जोडने का काम करें। हमारा लक्ष्य जनता का कल्याण, समाज के हर वर्ग की सेवा करना है। हम गरीबों की आंखों में आंसू नहीं रहने देंगे, उसके चेहरे पर मुस्कुराहट लाकर ही चैन की सांस लेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की लाडली बहना योजना सहित अन्य विकासोन्मुखी योजनाओं को घर-घर पहुंचाकर 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करें। चौहान ने कहा कि सरकार की योजनाओं को नीचे तक लागू करवाना कार्यकर्ता का काम है। गुड गर्वेंनस के तहत जनता को लाभ सुनिश्चित करवाना हमारा लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम हर वार्ड, घर, मोहल्ले, गली में फैलाने की आवश्यकता है।

संस्कार का केन्द्र बनेगा कार्यालय : विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यालय का लोकार्पण करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद आज पार्षद से लेकर सीएम तक भारतीय जनता पार्टी के हैं।आज हमारे पास काम करने की अनुकूलता है। विदिशा जिले के प्रत्येक बूथ तक भाजपा को मजबूत करने का काम हमें करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से कई पुराने कार्यकर्ताओं की स्मृतियां जुड़ी हुई है। यह कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए केन्द्र ही नही संस्कार का केन्द्र बने। इस कार्यालय ने कई कार्यकर्ताओं को तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि हम दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल है इसलिए प्रत्येक जिले में पार्टी कार्यालय होना चाहिए। यह कार्यालय कार्यकर्ताओं की आस्था का केन्द्र है। शर्मा ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुड गर्वेंनस पर काम कर रहे हैं। गांव, गरीब किसान और हर वर्ग के लिए हमारी केन्द्र और राज्य सरकारें लगातार काम कर रही है।

कार्यकर्ता बूथ और शक्ति केन्द्र को मजबूत करें : हितानंद

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हम एक राष्ट्रवादी दल के कार्यकर्ता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया का नेतृत्व करने के लिए आगे बढ़ रहा है। हम सब कार्यकर्ता मिलकर इस दिशा में आगे बढ़े। इसके लिए हमें अपने बूथ और शक्ति केन्द्र को मजबूत करने की कार्ययोजना में जुटना है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालय के उदघाटन के साथ ही हम सभी कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव में बूथ केन्द्र और शक्ति केन्द्र की मजबूती से विराट विजय सुनिश्चित करना है, इसलिए कार्यकर्ता इस कार्य में जुटे। हमें ग्राम केन्द्र और नगर केन्द्र के शक्ति केन्द्रों को मजबूत करना है।

ढोल, नगाड़ों के साथ हर बूथ से पहुंचे कार्यकर्ता

लोकार्पण कार्यक्रम में विदिशा जिले के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कार्यकर्ताओं की टोली ढोल, नगाड़ों के साथ अपने बूथ से निकलकर कार्यक्रम में शामिल हुई। बडी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी उपस्थित थी। कार्यक्रम की शुरूआत में पंडितों ने स्वस्ति वाचन किया। जिसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन एवं महापुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश जादौन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत कर आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री एवं विधायक रामपाल सिंह, पार्टी की प्रदेश मंत्री लता वानखेडे, विधायक हरि सप्रे, उमाकांत शर्मा, लीना जैन, राजश्री रूद्रप्रताप सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, मुकेश टंडन, श्यामसुंदर शर्मा, प्रीति राकेश शर्मा सहित विदिशा जिले के पार्टी पदाधिकारी एवं बूथ के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *