भोपाल | राजधानी भोपाल में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसने, फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलवारा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। छावनी रोड मंगलवारा में दिनदहाड़े जान से मारने की नियत से चाकूबाजी करने की वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी बदमाश मोहम्मद अशफाक को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा घटनाक्रम:
मामला 18 जून 2026 का है, जब फरियादी ने थाना मंगलवारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12:30 बजे छावनी रोड स्थित आकाश फोम एंड फर्निशिंग दुकान के सामने पल्सर मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक बिना किसी बात के जान से मारने की नियत से उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था।
सीसीटीवी और साक्ष्यों से बेनकाब हुए आरोपी, अशफाक पर था ₹5000 का इनाम:
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। मामले में शामिल 4 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन घटना का मुख्य आरोपी मोहम्मद अशफाक लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आरोपी की लगातार फरारी को देखते हुए डीसीपी जोन-03 द्वारा उस पर ₹5,000 की नकद इनामी राशि घोषित की गई थी। 28 अक्टूबर 2026 को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अशफाक को दबोच लिया।
ऐशबाग थाने में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले:
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अशफाक 28 वर्ष, निवासी बिस्मिल्ला कॉलोनी, थाना ऐशबाग भोपाल एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से ही थाना ऐशबाग में 02 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
लंबे समय से फरार चल रहे इस इनामी बदमाश को सलाखों के पीछे पहुँचाने में थाना प्रभारी मंगलवारा निरीक्षक अजय कुमार सोनी, उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार, प्रधान आरक्षक संजय करोड़े, आरक्षक शुभम परमार, आरक्षक ब्रजेश रावत एवं आरक्षक मनोहर सोलंकी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।