सेल्समैन से झपटकर 35 हजार ले भागा बदमाश, 12 घंटे में गिरफ्तार

छोलामंदिर पुलिस ने सीसीटीवी से आरोपी की पहचान कर दबोचा; झपटी गई रकम बरामद, 17 अपराध पहले से दर्ज

भोपाल। छोलामंदिर थाना पुलिस ने सेल्समैन से झपट्टा मारकर कलेक्शन के 35 हजार लेकर भागने वाले आरोपी को वारदात के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राहुल उर्फ केडी चौरसिया (20), निवासी अटल अक्षय नगर, गौतम नगर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटी गई रकम भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में 17 अपराध पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को कैलाश नगर निवासी बिपिन दुबे, जो हल्दीराम नमकीन में सेल्समैन है, नमकीन का माल और सैंपल लेकर प्रेमनगर कॉलोनी पहुंचा था। शाम करीब 5:30 बजे महाकाल किराना स्टोर के सामने लोडिंग ऑटो खड़ा कर वह दुकान पर माल देने और कलेक्शन की राशि लेने गया। इसी दौरान एक युवक ने ऑटो में रखे कलेक्शन के पैसों के झोले से रकम निकालने का प्रयास किया। बिपिन ने झोला पकड़ लिया तो आरोपी झपट्टा मारकर उसमें रखे पैसे लेकर भाग गया। झोले में करीब ₹40 हजार थे। भागते समय करीब ₹5 हजार सड़क पर गिर गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने उठाकर फरियादी को लौटा दिया, जबकि आरोपी करीब ₹35 हजार लेकर फरार हो गया।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान राहुल उर्फ केडी चौरसिया के रूप में की। टीम ने मुखबिर की सूचना पर अग्रवाल सांची डेयरी के पीछे पटरी के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल की और उसकी निशानदेही पर झपटी गई रकम बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक सरस्वती तिवारी के निर्देशन में उपनिरीक्षक मातादीन अहिरवार, सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर प्रजापति, प्रधान आरक्षक रमेश यादव, मुजफ्फर खान, आरक्षक मनीष उपाध्याय, योगेन्द्र शर्मा, विंद्र चौकसे, राकेश दांगी और ललित ठाकुर की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *