लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया जारी, हजारों गायत्री परिजनों ने किया स्वागत
नई दिल्ली। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका संरक्षिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने माता जी के सम्मान में जारी डाक टिकट का अनावरण किया। इस अवसर पर मौजूद हजारों गायत्री परिजनों और श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से इस पहल का स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि डाक टिकट का विमोचन माता जी के तप, त्याग, साधना, सेवा और नारी जागरण में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति राष्ट्र की श्रद्धांजलि है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि माता भगवती देवी शर्मा ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के साथ गायत्री परिवार के विचार विस्तार और युग निर्माण अभियान को नई दिशा दी। उनका जीवन नारी शक्ति के जागरण, संस्कार निर्माण, आत्मिक उन्नयन और समाज सेवा को समर्पित रहा। डाक टिकट के माध्यम से उनके प्रेरणादायी जीवन-दर्शन को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का प्रयास हुआ है।
जन्मशताब्दी समारोह के दल नायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने इसे सौभाग्य का क्षण बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान आने वाली पीढ़ियों को सेवा, समर्पण और नारी शक्ति के जागरण के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से गायत्री परिवार को यह तीसरी महत्वपूर्ण डाक टिकट श्रद्धांजलि है। इससे पहले गुरुदेव के सम्मान और शांतिकुंज के स्वर्ण जयंती वर्ष पर भी डाक टिकट जारी किया गया था।
31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चल रहे तीन दिवसीय जन्मशताब्दी महोत्सव में मातृशक्ति जागरण, सांस्कृतिक एकता, विश्व बंधुत्व और युग निर्माण पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन नारी जागरण एवं सशक्तिकरण, दूसरे दिन वसुधैव कुटुम्बकम पर परिचर्चाएं और अंतिम दिन मातृशक्ति श्रद्धांजलि संकल्प प्रतिज्ञा के कार्यक्रम निर्धारित हैं। आयोजन में देश-विदेश से गायत्री परिवार के परिजन शामिल हो रहे हैं।