पिता की हत्या के बाद जंगल में पेड़ पर छिपा था बेटा, 24 घंटे में गिरफ्तार

सूखीसेवनिया पुलिस ने अमौनी जंगल से पकड़ा आरोपी, वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद

भोपाल। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुरा में पिता की हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धर्मेन्द्र नाथ (31) ने अपने पिता फूल सिंह नाथ पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अमौनी जंगल में जाकर छिप गया था, जहां पुलिस ने सर्चिंग के दौरान उसे एक पेड़ पर बैठे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को गुड्डीबाई नाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति फूल सिंह नाथ पर उनके बेटे धर्मेन्द्र ने कुल्हाड़ी से हमला किया है। घटना में फूल सिंह की मौत हो गई। मामले में सूखीसेवनिया थाने में अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को उसके अमौनी जंगल में छिपे होने की सूचना मिली। टीम ने जंगल में सर्चिंग कर आरोपी को पेड़ पर बैठे देखा और नीचे उतारकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई थाना प्रभारी अरुण शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सीएल यादव, सहायक उपनिरीक्षक रईश खान, आरक्षक नरोत्तम लोधी, संजय सिंह और आदित्य कटारे की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *