भोपाल। थाना शाहपुरा पुलिस ने एसबीआई एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर नगदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, एक बलेनो कार, कई एटीएम कार्ड, एटीएम मशीन की मास्टर चाबी तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को एसबीआई के प्रतिनिधि विवेक चौरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून से 6 जुलाई के बीच शाहपुरा क्षेत्र स्थित एसबीआई एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर नगदी चोरी की गई है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों मोहम्मद सागीर और आसिफ आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपने चार अन्य साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य बलेनो कार से बिहार भाग रहे हैं। इसके बाद शाहपुरा पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मास्टर चाबी से एटीएम मशीन खोलकर भीतर लगी नगदी ट्रे को तिरछा कर देते थे। इसके बाद जब ग्राहक पैसे निकालता था तो उसके खाते से राशि कट जाती थी, लेकिन नकदी ट्रे में फंस जाती थी। ग्राहक के चले जाने के बाद आरोपी दोबारा मशीन खोलकर फंसी हुई रकम निकाल लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद सागीर, आसिफ आलम, विपुल कुमार उर्फ सोनू, प्रिंस कुमार गुप्ता, साकेत खेतान और साहिल अली शामिल हैं, जो बिहार के छपरा और गया जिले के निवासी हैं। इनमें दो आरोपी भोपाल के इंजीनियरिंग कॉलेजों से बीटेक कर चुके हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष मरकाम, उप निरीक्षक हरीश गुजरभोज सहित शाहपुरा थाना पुलिस एवं जोन-1 साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।