उत्कृष्ट कलाकारों का सम्मान, सांसद निधि से प्रत्येक लोकनृत्य कलाकार को ₹5 हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
भोपाल। भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने शिवाजी नगर स्थित सामुदायिक भवन में अभ्यांशिका सोसाइटी द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय आदिवासी नृत्य, संगोष्ठी एवं नाट्य मंचन का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा सभी आदिवासी लोकनृत्य कलाकारों को अपनी सांसद निधि से ₹5,000-₹5,000 की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि आदिवासी संस्कृति भारत की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक आत्मा का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पार्षद शिखा मोनू गोहल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनसमुदाय का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभ्यांशिका सोसाइटी के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय लोक संस्कृति एवं महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए संस्कृति मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए पूर्व नगर निगम आयुक्त विनोद शुक्ला के मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में पार्षद शिखा मोनू गोहल, पूर्व नगर निगम आयुक्त विनोद शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रफुल्ल मिश्रा, संस्था संरक्षक शंकर यादव, बजरंग हम्माल श्रमिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं अभ्यांशिका सोसाइटी के सदस्य बलिस्ता रावत, पूर्व पार्षद मोनू गोहल, दुर्गेश साहू, विजय गौतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।