भोपाल में ‘श्री गुरु नानक टेकरी द्वार’ का भव्य उद्घाटन; 35 लाख की लागत से बनकर तैयार हुआ 28 फीट ऊँचा ऐतिहासिक प्रवेश द्वार

भोपाल | जगत् गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज की चरण-प्राप्त पावन एवं ऐतिहासिक स्थली गुरुद्वारा गुरु नानक टेकरी साहिब (ईदगाह हिल्स) जाने वाले मुख्य मार्ग पर, ऑल सेंट स्कूल के समीप नवनिर्मित भव्य प्रवेश द्वार का आज धार्मिक और उल्लासपूर्ण वातावरण में गरिमामयी उद्घाटन संपन्न हुआ। अब यह मार्ग अपनी भव्यता के साथ दूर से ही श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आकर्षित कर रहा है।

सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को भोपाल की महापौर मालती राय द्वारा प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके तहत लगभग 28 फीट ऊँचे एवं 35 फीट चौड़े इस भव्य और विशाल प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य लगभग 35 लाख की लागत से बेहद आकर्षक और मजबूती के साथ पूर्ण किया गया है।

इस ऐतिहासिक उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भोपाल के लोकप्रिय सांसद आलोक शर्मा एवं महापौर मालती राय रहे। दोनों मुख्य अतिथियों ने रिबन काटकर एवं पट्टिका का अनावरण कर संयुक्त रूप से इस भव्य द्वार का लोकार्पण किया। इस गौरवमयी अवसर पर महापौर मालती राय ने स्वयं इस नवनिर्मित द्वार का आधिकारिक नाम “श्री गुरु नानक टेकरी द्वार” रखने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव पटल पर प्रस्तुत किया, जिसका वहां उपस्थित समूह साध-संगत, गुरुद्वारा समितियों और गणमान्य नागरिकों ने जयकारों की गूंज के साथ सहर्ष स्वागत व समर्थन किया।

इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए भोपाल के विभिन्न गुरुद्वारों के अध्यक्ष, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के वरिष्ठ पदाधिकारी, सिख समाज के प्रबुद्ध और गणमान्य नागरिक तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुरुद्वारा नानकसर के अध्यक्ष सरदार परमवीर सिंह वजीर, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, राकेश कुकरेजा सहित टेकरी साहिब प्रबंधन समिति के सभी सम्मानित सदस्य भी इस आयोजन में मुस्तैदी से शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन गुरु साहिब के चरणों में शुकराने की अरदास, समूह संगत के उत्साह और कड़ाह प्रसाद के वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *