महामंडलेश्वर अजीलानंद के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर से मुलाकात, सुरक्षा की मांग
भोपाल। राजधानी में कुछ संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने हिंदू नेताओं को निशाना बनाने और उनके खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज कराने के आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को महामंडलेश्वर अजीलानंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
मीडिया से चर्चा में महामंडलेश्वर अजीलानंद ने आरोप लगाया कि कुछ तत्वों द्वारा हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और मां भवानी हिंदू संगठन के अध्यक्ष भानु हिंदू के खिलाफ झूठे प्रकरण दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने इन नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कथित धमकियों के मद्देनजर संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।