“आध्यात्मिक आनंद और सेवा का संगम”: भोपाल से पटना साहिब और बनारस तक संगत ने किए पावन दर्शन

 

भोपाल | राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) से प्रारंभ हुई सिख श्रद्धालुओं की 6 दिवसीय धार्मिक यात्रा सोमवार को हर्षोल्लास और आध्यात्मिक शांति के साथ संपन्न हुई। भोपाल और सीहोर के करीब 40 श्रद्धालुओं (महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे) ने इस यात्रा में सम्मिलित होकर पटना साहिब, राजगीर एवं बनारस के विभिन्न ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

पटना साहिब में कीर्तन और सेवा का लाभ

यात्रा का शुभारंभ 1 अप्रैल को अरदास के साथ हुआ था। पटना पहुंचकर संगत ने सिखों के पवित्र तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेका। श्रद्धालुओं ने वहां विशेष कीर्तन का श्रवण किया और गुरुद्वारे में सेवा का लाभ उठाया। इसके उपरांत संगत ने पटना के स्थानीय गुरुद्वारों और राजगीर स्थित गुरुद्वारे का भ्रमण किया। राजगीर में श्रद्धालुओं ने रोपवे यात्रा के माध्यम से पहाड़ी क्षेत्र के बौद्ध स्थलों का भी आनंद लिया।

यात्रा के अगले पड़ाव में 5 अप्रैल को श्रद्धालु वंदे भारत ट्रेन के जरिए बनारस पहुंचे। यहाँ गुरुद्वारा गुरु बाग में दर्शन करने के साथ-साथ संगत ने कबीर मठ एवं रविदास मठ और गंगा जी जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर हाजिरी भरी।

 

अनुशासित प्रबंधन और सफल आयोजन

इस पूरी यात्रा का सफल संयोजन डॉ. हरमिंदर सिंह ‘सोनू वीर जी’ द्वारा किया गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि पूरे सफर में लंगर, चाय-पानी और ठहरने की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं डॉ. सोनू वीर जी की देखरेख में की गईं। उनकी निस्वार्थ सेवा भावना की सभी ने सराहना की। 6 अप्रैल को भोपाल लौटने पर संगत ने शुक्राने की अरदास की और इस यात्रा को जीवन का यादगार अनुभव बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *