भोपाल | राजधानी भोपाल में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में 02 अप्रैल (गुरुवार) को जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा भव्य “हिंदू एकता शोभायात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। विगत 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह यात्रा इस वर्ष अपने 13वें वर्ष में और अधिक भव्यता के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करना है।
कालीघाट से शुरू होकर बैरसिया रोड पर होगा समापन:
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिंदू ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा दोपहर में छोटा तालाब स्थित मां कालीघाट मंदिर से हनुमान चालीसा के पाठ के साथ प्रारंभ होगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—चार बत्ती चौराहा, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज मार्केट, जुमेराती, घोड़ा निकास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज और सिंधी कॉलोनी होते हुए बैरसिया रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर पर भव्य भंडारे के साथ संपन्न होगी।
दक्षिण भारतीय शैली और राजस्थानी संस्कृति का संगम:
इस वर्ष शोभायात्रा में 15 फीट ऊंची दक्षिण भारतीय शैली में निर्मित भगवान हनुमान की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। वातावरण को भक्तिमय बनाने के लिए राजस्थान के विशेष ढोल-नगाड़ों की टोली बुलाई गई है। साथ ही, हाल ही में हुए गौ-हत्या कांड के विरोध और जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक प्रतीकात्मक झांकी भी शामिल की जाएगी।
प्रशासन से की विशेष मांग:
संगठन ने जिला प्रशासन और नगर निगम से शोभायात्रा मार्ग में पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। साथ ही, श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा मार्ग में पड़ने वाली मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने की अपील भी की गई है। भानु हिंदू ने समस्त भोपालवासियों से इस उत्सव को अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने का आह्वान किया है।