भोपाल। साईंराम कॉलोनी, सेमरा नाले के पास स्थित विवादित वाइन शॉप को शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं। भोपाल कलेक्टर के इस निर्णय से क्षेत्र की करीब 200 कॉलोनियों के रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, विजय नगर–साईंराम कॉलोनी (चांदबड़ क्षेत्र) में संचालित उक्त शराब दुकान को हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। 13 जनवरी 2026 को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने आबकारी विभाग को निर्देश दिए थे कि 1 अप्रैल 2026 तक इस दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। इस पर आबकारी विभाग ने भी सहमति जताई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दुकान स्कूल और मंदिर जाने वाले रास्ते पर स्थित होने के कारण महिलाओं, बच्चों और युवाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। दुकान हटने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और सामाजिक वातावरण में सुधार की उम्मीद है।
रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तय समयसीमा में आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।