बड़ी कार्रवाई: वारदात की फिराक में था आरोपी, हथियार व कारतूस बरामद
कोलार रोड क्षेत्र में दबिश, अवैध आर्म्स नेटवर्क की जांच तेज
भोपाल। क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलार रोड स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। मौके से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और टोयोटा फार्च्यूनर वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कजलीखेड़ा, कालापानी क्षेत्र के एक फार्म हाउस पर कुछ लोग एकत्रित हैं, जिनमें से एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मयंक नाथ चौहान उर्फ नट्टू (27), निवासी बाबड़िया कला, भोपाल बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे, एक मैग्जीन और मोबाइल फोन बरामद हुआ। साथ ही उसकी फार्च्यूनर कार (MP 19 CC 4813) से एक अतिरिक्त मैग्जीन भी मिली।
पिस्टल की जांच करने पर बैरल में कारतूस फंसा हुआ पाया गया। आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि यह हथियार उसे इटारसी निवासी वंश मालवीय ने दिया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-A) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त को लेकर आगे की जांच जारी है।