राहुल गांधी की अर्थी निकालकर कांग्रेस कार्यालय के सामने होगा प्रतीकात्मक दाह संस्कार
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। भाजपा भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे लिंक रोड नंबर 1, रेडक्रॉस स्थित छत्रपति शिवाजी प्रतिमा के समक्ष हजारों की संख्या में महिलाएं विशाल प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ता राहुल गांधी की अर्थी निकालकर कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक दाह संस्कार करेंगी और तख्तियां लेकर कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग करेंगी।
जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि महिला मोर्चा कांग्रेस नेताओं के अभद्र बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री और उनकी माता के सम्मान की रक्षा के लिए यह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला अध्यक्ष वंदना जाचक, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और नगर निगम की महिला पार्षद उपस्थित रहीं।