रविन्द्र यति बोले- कार्यकर्ताओं को चाहिए निरंतर सीखने का भाव
भोपाल, संवाददाता सुखदेव सिंह
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आईटी सेल की जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, जिला मंत्री अश्विनी राय, आईटी सेल के जिला संयोजक विश्व विजय सिंह सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि भाजपा हमेशा विचार और नवाचार के साथ आगे रही है। डिजिटल युग में पार्टी ने बढ़त बनाई है और इसी का लाभ बूथ स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें समाज में नकारात्मकता और झूठ फैलाकर भ्रम पैदा करने का काम करती हैं। हमें इसका जवाब सकारात्मकता और सच के साथ देना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हमेशा सीखने की प्रवृत्ति रखनी चाहिए। संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के आधार पर हमें जनता को सही जानकारी देनी है।
रविन्द्र यति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेनाओं को सुसज्जित कर और अधिकार संपन्न बनाकर सीमाओं को सुरक्षित किया गया है। लेकिन देश के भीतर कुछ लोग झूठ और भ्रम फैलाकर राष्ट्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को सोशल मीडिया पर सही तरीके से जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जरूरी है। बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, प्रशिक्षण और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तारसे चर्चा हुई।