भारी बारिश में भी उमड़ा जनसैलाब, सीएम मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं
भोपाल के करोंद चौराहे पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता भव्य रूप से संपन्न हुई। आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
यह आयोजन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति द्वारा लगातार 19वें वर्ष किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश की 12 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता टीम को 1 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। आयोजन में भारी वर्षा के बावजूद हजारों लोग शामिल हुए। मंच पर अभिनेता सुनील शेट्टी, इंडियन आइडल गायक सवाई भट्ट और गायिका कनिष्का सिंह चौहान ने शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी हुई।
मुख्यमंत्री बोले – यह पर्व हमारी परंपरा और एकता का प्रतीक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जन्माष्टमी केवल आस्था नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने मटकी फोड़ महोत्सव की निरंतरता की सराहना करते हुए कहा – यह आयोजन मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि यह परंपरा वर्षों तक जारी रहे। मुख्यमंत्री ने मंच से जनता के बीच “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कान्हा आज भी हैं और आगे भी रहेंगे – डॉ. महेंद्र सिंह
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि आज भोपाल का उत्साह वही भावना जगा रहा है, जब भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर जनता को आश्रय दिया था। उन्होंने कहा – चाहे जितनी वर्षा हो, यह उत्साह नहीं रुकता। कान्हा तब भी थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने सृष्टि के युगों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा और भक्ति का यह उत्सव युगों-युगों तक चलता रहेगा।
जनता का उत्साह हर साल बढ़ता जा रहा है – विष्णुदत्त शर्मा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हर वर्ष इस आयोजन में जनता का उत्साह बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कई अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने के बावजूद इस महोत्सव में शामिल हुए, जो उनके सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।