लाड़ली बहनों के खिलाफ बयान पर भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन

कहा- कांग्रेस नेताओं की सोच महिलाओं के प्रति अपमानजनक

भोपाल, संवाददाता सुखदेव सिंह

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला भोपाल ने कांग्रेस नेता यशवंत गुर्जर के ‘‘लाड़ली बहनों को बोरियों में भर देंगे’’ जैसे आपत्तिजनक बयान के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली रेड क्रॉस हॉस्पिटल चौराहे से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें शामिल हुईं। प्रतिभागियों के हाथों में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां थीं।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना जाचक ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का चरित्र हमेशा महिलाओं के प्रति विरोधी रहा है। कांग्रेस शासन के दौरान हुए नैना साहनी और सरला मिश्रा तंदूर कांड जैसे मामले कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की धर्मपत्नी भाजपा सरकार की लाड़ली बहना योजना का लाभ ले रही हैं, जबकि वे खुद इस योजना को लेकर अपमानजनक बयान दे रहे हैं। यह कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि संबंधित नेता को सार्वजनिक रूप से बहनों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सम्मान को सुनिश्चित किया है। योजना ने प्रदेश की बहनों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदर्शन में वंदना परिहार, विभा गरुड़, लक्ष्मी गोरैवर, कुसुम चतुर्वेदी, सुषमा मिश्रा, ब्रजुला सचान, सुषमा बबीसा, गीतांजली गजभिए, कविता अनुरागी, अनीता गौर, संगीता मिश्रा, राधा सेंगर, ज्योति खरे, नीता मेहता और संतोष हिरवे सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *