हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने की लहर दिलाएगी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत- डॉ. महेंद्र सिंह

कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाने का नारा दिया, प्रधानमंत्री ने लोगों की गरीबी दूर की- आलोक शर्मा

लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर और लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने गोविंदपुरा में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का आह्वान किया है। यहां गोविंदपुरा विधानसभा के हर बूथ पर मुझे 370 वोट बढ़ाने की लहर दिखाई दे रही है। भोपाल लोकसभा के चुनाव में यही लहर भाजपा को गोविंदपुरा विधानसभा से बड़ी जीत दिलाएगी। यह बात प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को अवधपुरी में आयोजित गोविंदपुरा विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा और जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि देश में जितने भी दल राजनीति में सक्रिय हैं, उनमें से भारतीय जनता पार्टी सबसे अलग है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है और कार्यकर्ता ही उसे चलाते हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन सका है। उन्होंने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा का हर कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी का निष्ठावान सिपाही है। पार्टी और उसकी विचारधारा के लिए हर कार्यकर्ता दिन-रात सक्रिय रहता है। डॉ. सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की डबल इंजन सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है और हर पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिल सके, यह सुनिश्चित किया है।

हर मतदाता का मन भाजपामय- कृष्णा गौर

प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि यह इन्हीं परिश्रमी और लगनशील कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज गोविंदपुरा विधानसभा में हर मतदाता का मन कमलमय दिखाई दे रहा है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करेगी और पार्टी की इस जीत में गोविंदपुरा विधानसभा के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।

प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार व परिवारवाद को समाप्त किया- आलोक शर्मा

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व भोपाल लोकसभा के पार्टी प्रत्याशी आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय के संकल्पों को साकार कर रहे हैं। गरीब कल्याण की योजनाओं के आधार पर हर गरीब की चिंता की जा रही है। आजादी के बाद वर्षों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस ने गरीबी हटाने के नाम पर सिर्फ नारा दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं के सहारे 27 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। ’’सबका साथ, सबका विकास -सबके विश्वास और सबके प्रयासों के सपने को प्रधानमंत्री साकार कर रहे हैं। देश को भ्रष्टाचारमुक्त, परिवारवाद मुक्त भारत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति कर देश को हमेशा बांटने का काम किया है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने समाप्त कर दिया है। पार्टी प्रत्याशी आलोक शर्मा 18 अप्रैल को कर्फ्यू वाली माता के मंदिर से पूजा अर्चना करने के पश्चात रैली के रूप में नामांकन फार्म भरने जायेंगे।

प्रत्येक बूथ पर 370 अधिक वोट बढ़ाना है- सुमित पचौरी

जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपनी-जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए लोकसभा चुनाव में प्राणपण से जुट जाएं। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता पार्टी के प्रवक्ता बनकर लाभार्थियों के घर-घर पहुंचकर उनसे सीधा संपर्क करें। प्रत्येक बूथ पर 370 अधिक वोट बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए हर क्षेत्र में अभूतर्पूव कार्य किया है। विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में लोकसभा संयोजक एवं पूर्व सांसद आलोक संजर, भोपाल महापौर मालती राय, सत्यार्थ अग्रवाल, भीकम सिंह, जितेंद्र शुक्ला एवं बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *