भोपाल। भोपाल की अग्रणी संस्था जागृत हिंदू मंच ने सड़कों पर आवारा घूम रही गायों और गोवंश की रक्षा के लिए गौ बचाओ अभियान की शुरुआत की है। अभियान का आगाज गायों के सींग पर रेडियम लगाकर किया गया। इस अवसर पर मंच के संरक्षक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने बताया कि सड़कों पर घूमने वाली गायें आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रही हैं। ऐसे में अंधेरे में इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गोवंश के सींगों पर रेडियम लगाने का अभियान शुरू किया गया है। डॉ. केसवानी ने बताया कि गाय के सींग पर रेडियम लगा होने से वाहन की लाइट इन पर पड़ते ही चालकों को दूर से नजर आ जाएगा कि कोई सड़क पर गोवंश हैं। इस में दुर्घटना की संभावना टलेगी। संगठन ने 2024 में हर शनिवार को इस काम को करने की तैयारी की है। अंग्रेजी नव वर्ष की पूर्व संध्या पर अभियान की शुरुआत करते हुए मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन एडवोकेट ने कहा कि गौ माता को सिंगल पॉलीथीन खाने से बचना होगा। जिससे उनकी रक्षा हो सके। इस अवसर पर सुरेश शुक्ला एडवोकेट, गुड्डू भाई, जितेंद्र जैन, राजा भैया सेन, अनिल मोटवानी, योगेश मालानी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिन्होंने गौ सेवा की और गाय को हरा चारा खिलाकर गौ सेवा का संकल्प लिया।