प्रदेश में आज भी भाजपा सरकार है, 3 दिसंबर के बाद भी वही रहेगी

हार से बौखलाए कांग्रेस नेता सरकारी कर्मचारियों को धमकी दे रहे है

कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं को सता रहा है लॉकर खुल जाने का डर

भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर शुरू होगी 24 हजार करोड़ की योजना- नरेंद्र मोदी

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल/बैतूल

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की निश्चित हार को देखकर उसके नेताओं पर एक साइड इफेक्ट हो रहा है। वे बौखला गए हैं और उन्होंने सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया है। मैं प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस की धमकियों से डरने की जरूरत नहीं। ईमानदारी से अपना काम करें, मध्यप्रदेश में आज भी भाजपा सरकार है और 3 दिसंबर के बाद भी रहेगी। कांग्रेस के ये नेता गारंटी देते फिर रहे हैं, लेकिन इनकी खुद की कोई गारंटी नहीं है। इनके तो भ्रष्टाचार के पाप ही इतने हैं कि ये हमेशा चिंतित रहते हैं, कहीं उनका लॉकर न खुल जाए। इसलिए इन नेताओं की धमकियों की परवाह मत कीजिए। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मंगलवार को बैतूल में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को स्थानीय सांसद श्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।

यह चुनाव कांग्रेस के भ्रष्टाचारी पंजे को प्रदेश से दूर रखने का है

मोदी ने कहा कि यह इस चुनाव में मेरी सभाओं का अंतिम दौर है। कल भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिन है और झारखंड का भी स्थापना दिवस है। मैं कल भगवान बिरसा मुंडा के गांव जाकर वहां की माटी को अपने माथे पर लगाऊंगा। उन्होंने कहा कि बीते दिनों में मैं राज्य के कोने कोने में गया हूं। हर जग भाजपा के प्रति लोगों का जो जोश है, जो विश्वास है, वह अभूतपूर्व है। आपके इस उत्साह ने तय कर दिया है कि मध्यप्रदेश में फिर एक बार, भाजपा सरकार। मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के मेरे भाई बहन 17 नवंबर को इतिहास रचने के लिए घर से निकलेंगे। यह चुनाव है मध्यप्रदेश के विकास को डबल इंजन की रफ्तार देने का चुनाव है। यह नौजवानों को, महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर देने का चुनाव है। यह लूट और भ्रष्टाचार करने वाले कांग्रेस के पंजे को राज्य की तिजौरी से दूर रखने का चुनाव है। याद रखें, कांग्रेस का यह पंजा छीनना जानता है और लूटना भी जानता है। मध्यप्रदेश के लोग तो जानते हैं, जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई।

मोदी की गारंटी के सामने टिक नहीं सकता कांग्रेस का झूठ

मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, कांग्रेस के नेताओं के दावों की पोल खुलती जा रही है। मध्यप्रदेश से ये रिपोर्ट मिल रही है कि कांग्रेस ने हार मानकर खुद को भाग्य भरोसे छोड़ दिया है। पुराने लोग कहीं नजर नहीं आ रहे। कई नेता तो ठान करके घर बैठ गए हैं, उनका बाहर निकलने का मन ही नहीं है। उन्हें लगता है कि किस मुंह से लोगों से बात करें। कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने उसके झूठे वादे एक पल भी टिक नहीं सकते हैं। श्री मोदी ने कहा कि आज पूरा हिंदुस्तान और पूरी दुनिया भी यह जान गई है कि मोदी की गारंटी का मतलब हर गारंटी के पूरे होने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग धारा 370 पर सवाल उठाते थे। राम मंदिर और करतारपुर कॉरिडोर पर सवाल उठाते थे। इन लोगों को पता नहीं है कि मोदी किस मिट्टी का बना है। उन्होंने कहा कि मैं नर्मदा का पानी पीकर बड़ा हुआ हूं और हम जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। हर वादा डंके की चोट पर पूरा करते हैं।

भाजपा का संकल्प पत्र प्रदेश के विकास को रोडमैप

मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, वह हर क्षेत्र, हर वर्ग के लिए शानदार है और इसके लिए मैं प्रदेश नेतृत्व को बधाई देता हूं। यह प्रदेश के लोगों के विकास का रोडमैप है। श्री मोदी ने कहा कि इसमें हर आदिवासी ब्लॉक में एकलव्य आवासीय विद्यालय और हर आदिवासी बहुल जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का संकल्प है। इसमें लाडली बहनों के लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ पक्के घर उपलब्ध कराने का संकल्प है। गेंहूं और धान के लिए समर्थन मूल्य की बात भी की गई है, जिसकी हर तरफ वाहवाही हो रही है, जयजयकार हो रही है। श्री मोदी ने कहा कि इसमें तेंदू पत्ता खरीदी को लेकर जो संकल्प लिया गया है, उससे भी कई आदिवासी परिवारों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जो नेता आज भाषण झाड़ते हैं, उन्हें अपने पुराने पाप भी याद नहीं हैं। कांग्रेस की सरकार सिर्फ 7 वनोपजों पर एमएसपी देती थी। भाजपा की सरकार समर्थन मूल्य पर 90 वनोपजों की खरीदी कर रही है।

छोटे किसानों के लिए बड़े प्रयास कर रही भाजपा सरकार 

मोदी ने कहा कि हमारे देश में करीब ढाई करोड़ ऐसे छोटे किसान हैं, जो मोटा अनाज उगाते हैं। इन किसानों के बारे में पहली बार भाजपा की सरकार ने ही सोचा है। उन्होंने कहा कि हमने मोटे अनाज को श्री अन्न के रूप में पहचान दी है और हमारा प्रयास है कि श्री अन्न को पूरी दुनिया के बाजारों तक पहुंचाया जाए। जब मैं अमेरिका गया था, तो व्हाइट हाउस में भी श्री अन्न से बने व्यंजन परोसे गए थे और जी-20 शिखर सम्मेलन में भी श्री अन्न का बोलबाला रहा। श्री अन्न को सुपर फूड के रूप में मान्यता मिल रही है। श्री मोदी ने कहा कि हमारे किसानों को मक्के की अच्छी कीमत मिले, इसके लिए मक्के का रिकॉर्ड निर्यात किया जा रहा है। भाजपा सरकार पूरे देश में एथेनॉल प्लांट भी लगा रही है। इसके कारण किसानों को मक्के से और ज्यादा कमाई होना शुरू हो गई है।

मोदी ने कहा कि मतदान के लिए अब सिर्फ तीन दिन बाकी है। प्रदेश का हर भाजपा कार्यकर्ता, हर नेता बीते अनेक दिनों से निरंतर डटा हुआ है। आपका कोई बूथ पीछे नहीं रहना चाहिए, हर बूथ पर कमल खिलना चाहिए। इस बार तो हर बूथ पर हमारी माताएं-बहनें भी बहुत मेहनत कर रही हैं, उन्हें में प्रणाम करता हूं। जब हमारे साथ बहनों का इतना आशीर्वाद है, तो हमारी जीत सुनिश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *