विकास यात्रा रोके जाने के पीछे षड्यंत्रकारियों की बड़ी साजिश: उमाशंकर गुप्ता

भाजपा की विकास यात्रा को पुलिस प्रशासन ने रोका, धारा 144 का दिया हवाला

नाराज भाजपा कार्यकर्ता शिवाजी चौराहे पर धरने पर बैठे

शुगर लो होने के कारण उमाशंकर गुप्ता सिद्धांता हॉस्पिटल में हुए भर्ती

भोपाल। भोपाल दक्षिण पश्चिम विधानसभा में वार्ड क्रमांक 31, 33, 46 और 47 में शिवराज सरकार की विकास यात्रा निकाली गई। वल्लभनगर और भीम नगर की झुग्गी बस्ती में जाते वक्त शिवाजी चौक पर पुलिस प्रशासन ने यात्रा को धारा 144 होने के कारण रोक लिया। इससे नाराज भाजपा कार्यकर्ता शिवाजी चौक पर हनुमान मंदिर के सामने ही सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यालय प्रभारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की परिपाटी जनता से सतत संपर्क एवं संवाद रखने की रही है। सरकार की विकास यात्रा के दौरान जनता की समस्याओं को सुनने एवं पात्र हितग्राहियों से स्वस्थ संवाद स्थापित करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जा रहे हैं। पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने आरोप लगाया है कि दक्षिण पश्चिम विधानसभा में विकास यात्रा को रोके जाने के पीछे षड्यंत्रकारियों की बड़ी साजिश है। पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने मौके पर ही कलेक्टर से फोन पर बात की, उसके बाद पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटा दी। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकास यात्रा का धरना स्थल पर ही समापन कर दिया। इस बीच अचानक उमाशंकर गुप्ता की तबीयत खराब हो जाने के कारण उन्हें निकट के ही सिद्धांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने जानकारी दी है कि उमाशंकर गुप्ता का स्वास्थ्य अब ठीक है। उनका शुगर लेवल कम हो गया था। धरना स्थल पर विकास यात्रा के दौरान माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष रामदयाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश जोशी, भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यालय प्रभारी डॉ राजकुमार मालवीय, पंचशील मंडल अध्यक्ष प्रियेश उपाध्याय, पार्षद आर एस बघेल, राजेश खटीक, बृजला सचान, राठौर, आरती अनेजा, पूर्व पार्षद शंकर मकोरिया, रामेश्वर राय दीक्षित, अनुपम जैन, विजय लांजीवार, नंदू सनांसे, मनोज जाट, चंद्रभान कामले आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *