जहांगीराबाद में 30 पाव विदेशी शराब जब्त, खजूरी सड़क-बैरागढ़ में देशी शराब और बीयर पकड़ी; होटल-ढाबों की भी जांच
भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। उपायुक्त आबकारी के.सी. अग्निहोत्री एवं सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन तथा कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर प्रकरण दर्ज किए।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी सीमा कशीसिया की टीम ने जहांगीराबाद में अवध नारायण को अवैध मदिरा परिवहन करते पकड़ा। उसके कब्जे से वाहन सहित 30 पाव विदेशी मदिरा जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीती उइके की टीम ने खजूरी सड़क-बैरागढ़ क्षेत्र में अन्नू मेहर की किराना दुकान से 90 पाव देशी शराब और 10 बोतल बीयर जब्त की। पटेल ढाबा और जलसा रिट्रीट से भी 3.75 बल्क लीटर विदेशी मदिरा तथा 2.75 बल्क लीटर बीयर जब्त कर प्रकरण दर्ज किए गए।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेश विश्वकर्मा की टीम ने रायसेन रोड स्थित होटल-ढाबों शमायरा ग्रीन, पेंडियम, खुशी और आचमन की जांच की। अवैध रूप से मदिरा पान कराने अथवा कराने की व्यवस्था पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए गए। बैरागढ़ और रायसेन रोड के होटल-रेस्टोरेंट तथा मदिरा दुकानों के आसपास भी अवैध रूप से मदिरापान कराने वाले स्थानों पर कार्रवाई की गई और अवैध अहाता जैसी गतिविधियां नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और मदिरापान पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में जिला भोपाल के सभी सहायक जिला आबकारी अधिकारी, उपनिरीक्षक एवं बल शामिल रहा।