हम सब देशवासियों का सौभाग्य है कि हमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के रूप में ऐसा नेतृत्व मिला, जिसने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। लोकसेवक के रूप में उनकी 25 वर्षों की यात्रा केवल शासन की यात्रा नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण और सामान्य नागरिक के जीवन में आए बदलाव की प्रेरक यात्रा है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रारंभ हुआ यह सफर आज विकसित भारत @2047 के संकल्प तक पहुँच चुका है।
इन वर्षों में देश ने अनेक ऐसे परिवर्तन देखे हैं, जिनका प्रभाव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में भी दिखाई देता है। गरीब, किसान, महिला, युवा, मध्यम वर्ग और वंचित परिवारों को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं ने विकास को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया है।
कभी गरीब परिवार के लिए पक्का मकान एक सपना हुआ करता था। प्रधानमंत्री आवास योजना ने करोड़ों परिवारों को पक्के घर का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उज्ज्वला योजना ने माताओं-बहनों को धुएँ से राहत दी, जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा और आयुष्मान भारत ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा दिया।
कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना करोड़ों परिवारों के लिए संबल बनी। किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों ने आर्थिक अवसरों का विस्तार किया।
प्रधानमंत्री जी के स्वच्छता आह्वान ने स्वच्छ भारत को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। भोपाल में भानपुर खंती के वर्षों पुराने कचरे का निष्पादन और यूनियन कार्बाइड परिसर के जहरीले कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन की दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग से महत्वपूर्ण कार्य हुए, जो पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम हैं।
प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में जीएसटी, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सेवाओं और फेसलेस असेसमेंट जैसी व्यवस्थाओं ने प्रशासन को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।
विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा भी प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत ने “वसुधैव कुटुम्बकम् – One Earth, One Family, One Future” का संदेश पूरी दुनिया तक पहुँचाया। आज भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल नवाचार, स्वास्थ्य और मानव कल्याण जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले देशों में शामिल है। अनेक देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी मजबूत हुई है और भारत एक विश्वसनीय मित्र तथा जिम्मेदार वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी पहचान सुदृढ़ कर रहा है।
आत्मनिर्भर भारत और युवा शक्ति प्रधानमंत्री जी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार हैं। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले अभियानों ने युवाओं, उद्यमियों और नवाचार को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया है। आज भारत तकनीक, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
भोपाल के विकास की बात करें तो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सहयोग से शहर के आधारभूत ढाँचे को नई गति मिली है। राजा भोज सेतु, रानी कमलापति ब्रिज, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण, भोपाल मेट्रो और सड़क परियोजनाएँ राजधानी को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।
भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता ने भी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। चंद्रयान-3 की सफलता, वंदे भारत ट्रेनें, रेलवे विद्युतीकरण, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल अवसंरचना का विस्तार नए भारत की प्रगति का परिचायक है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना और रक्षा क्षमता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। अनुच्छेद 370 के प्रावधानों में बदलाव, तीन तलाक के खिलाफ कानून और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण निर्णय भी इसी कालखंड में हुए।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की लोकसेवा यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि उन्होंने सेवा को शासन की कार्यसंस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया। गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा अवसर, डिजिटल भारत, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और आत्मनिर्भरता तक विकास की अनेक धाराओं को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास हुआ है।
इसी लोकसेवा यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने और सेवा के संकल्प को सामाजिक भागीदारी से जोड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” आयोजित किया जा रहा है। “जन सेवा ही देशभक्ति” की भावना के साथ आशीर्वाद का दीया, सेवा ज्योति मशाल पदयात्रा, कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु, चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे।
यह अभियान केवल 25 वर्षों की उपलब्धियों का स्मरण नहीं, बल्कि सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने का अवसर है। हमारा लक्ष्य है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, प्रत्येक नागरिक को सम्मान और अवसर मिले तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में हर भारतीय अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
सेवा की यह यात्रा निरंतर जारी रहे—यही संकल्प है, यही विकसित भारत की दिशा है।
लेखक- भारतीय जनता पार्टी के भोपाल सांसद है।