भोपाल (देहात)। लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से बैरसिया थाना परिसर में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया के मार्गदर्शन में एसडीओपी बैरसिया एवं थाना प्रभारी बैरसिया द्वारा किया गया।
शिविर में 25 शिकायतकर्ता उपस्थित हुए, जिन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायतों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया और समाधान प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
भोपाल देहात पुलिस का कहना है कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य से इस तरह के समाधान शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।