मंगलवारा पुलिस के हत्थे चढ़ा 3000 का इनामी बदमाश : ऐशबाग में हवाई फायर कर फैलाई थी दहशत; अवैध चाकू और एयर पिस्टल के साथ गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी की मंगलवारा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शहर के शातिर और इनामी बदमाश सोहेल उर्फ दिलावर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बीते दिनों ऐशबाग क्षेत्र में हवाई फायर कर दहशत फैलाई थी। पुलिस ने न केवल आरोपी को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा, बल्कि क्षेत्र में उसका जुलूस निकालकर अपराधियों में खौफ और जनता में सुरक्षा का संदेश भी दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम द्वारा सरप्राइज चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डबल फाटक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर रेलवे पटरी के पास से सोहेल उर्फ दिलावर (24) को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार चाकू, एक एयर पिस्टल और 07 नग बारूद के नकली बाल्व बरामद हुए।

थाना प्रभारी अजय कुमार सोनी के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से सागर के राहतगढ़ का रहने वाला है और पिछले 3 वर्षों से करोंद इलाके में रह रहा था। शातिर अपराधी इतना चालाक है कि हर बार गिरफ्तारी के समय पुलिस को अपना गलत नाम और पता बताता था। आरोपी के विरुद्ध भोपाल के विभिन्न थानों और जीआरपी में 32 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी पर डीसीपी जोन-3 द्वारा 3000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 08 अप्रैल को दोपहर में थाना ऐशबाग क्षेत्र के बाग उमराव दुल्हा में एयर पिस्टल से हवाई फायर कर एक महिला को डराया और क्षेत्र में प्रेशर बनाने की कोशिश की थी। पुलिस अब अन्य थानों में भी उसके रिकॉर्ड खंगाल रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *