भोपाल | राजधानी के थाना हबीबगंज पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध फोर्ड फिगो कार (MP 04 CG 9601) से 187 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहपुरा की ओर से एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने 1100 क्वार्टर्स के पास ब्लैक फिल्म लगी संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से कैंपियन स्कूल की ओर भगा ले गया। पुलिस ने पीछा जारी रखा। रविशंकर नगर स्थित केंद्रीय पर्यावरण भवन के पास से आरोपी ने कार को सेंट थॉमस चर्च के पीछे मोड़ दिया। खुद को घिरता देख चालक कार की चाबी निकालकर पास के नाले में कूदकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार से काले कंबलों से ढंकी 21 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 3 पेटी गोवा व्हिस्की और 18 पेटी देशी मदिरा (कुल 900 क्वार्टर) मिली। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 112/2026 दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।