घर से निकलने से पहले देखें ट्रैफिक प्लान: कल राहुल गांधी भोपाल में, जवाहर चौक पर किसान महाचौपाल

भोपाल। 24 फरवरी 2026, मंगलवार को प्रातः 10 बजे जवाहर चौक पर कांग्रेस कमेटी द्वारा किसान महाचौपाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष पार्किंग एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। मंच पर बैठने वाले लगभग 200 विशिष्ट अतिथियों के वाहनों को रंगमहल चौराहा से यादव मेडिकल तिराहा, काटजू तिराहा होते हुए राजस्थान स्वीट्स तिराहा के आगे ड्रॉप किया जाएगा। इनके वाहन मॉडल स्कूल के पास पार्क किए जाएंगे।

इंदौर, उज्जैन, आष्टा और सीहोर की ओर से आने वाले वाहन सीहोर बायपास, बिल्किसगंज, झागरिया, रातीबढ़, भदभदा और डिपो चौराहा मार्ग से अटल पथ स्थित लाड़ली लक्ष्मी पार्क में पार्किंग कर कार्यक्रम स्थल पहुंच सकेंगे। नर्मदापुरम मार्ग से आने वाले वाहन आरआरएल ओवरब्रिज, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, मानसरोवर, लिंक रोड-2 और माता मंदिर होते हुए प्लेटिनम प्लाजा मार्ग से लाड़ली लक्ष्मी पार्क में वाहन खड़े करेंगे।

रायसेन और सागर रोड की ओर से आने वाले वाहन पटेल नगर, आईटीआई तिराहा, प्रभात चौराहा, सुभाष ओवरब्रिज, बोर्ड ऑफिस चौराहा, लिंक रोड नंबर-1, अपैक्स तिराहा और जैन मंदिर होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के बायीं ओर पार्किंग कर सकेंगे। राजगढ़, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर और विदिशा की दिशा से आने वाले वाहन मुबारकपुर, गांधीनगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, रेतघाट और बाणगंगा होते हुए टीटी नगर दशहरा मैदान में पार्किंग कर पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सामान्य यातायात के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। डिपो चौराहा से पीएनटी अथवा पॉलिटेक्निक चौराहा मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। प्लेटिनम चौराहा से जवाहर चौक आने वाले वाहन माता मंदिर या टीटी नगर मार्ग से आवागमन करेंगे। रंगमहल से आने वाले वाहन बाणगंगा या माता मंदिर मार्ग से जा सकेंगे। नीलबड़ से रोशनपुरा जाने वाले वाहन केरवा डेम रोड, चुना भट्टी और चार इमली मार्ग का उपयोग करेंगे। रोशनपुरा से भदभदा जाने वाले वाहन माता मंदिर और नेहरू नगर मार्ग से जा सकेंगे।

एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा, पीएचक्यू, लिली टॉकीज, तलेया, भारत टॉकीज, हमीदिया रोड और लालघाटी मार्ग से आवागमन की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *