“मन की बात” के साथ “मैदान की बात”: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 100 घंटे के दिव्यांग क्रिकेट महाकुंभ का शुभारंभ; खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

राजधानी भोपाल का नेहरू नगर पुलिस मैदान रविवार को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट महोत्सव 2026 – नॉट आउट @ 100” का भव्य शुभारंभ किया। इस अनूठे आयोजन में देशभर के दिव्यांग खिलाड़ी लगातार 100 घंटे तक बिना रुके अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मैच के विधिवत शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव, कार्यक्रम संयोजक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथियों ने एकाग्रता के साथ ‘मन की बात’ सुनी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश और राजस्थान की गर्ल्स टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस किया और इस विलक्षण खेल महोत्सव का उद्घाटन किया।

महोत्सव का पहला मुकाबला मध्य प्रदेश और राजस्थान की गर्ल्स टीमों के बीच खेला गया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 75 रन बनाए, जिसमें सुशीला ने सर्वाधिक 24 रनों का योगदान दिया। जवाब में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 3 विकेट खोकर 76 रन बना लिए और 7 विकेट से जीत दर्ज की। एमपी की खिलाड़ी राधा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और जीत की नायिका बनीं।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बताया कि इस महोत्सव में 8 राज्यों की 25 टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन लगातार 100 घंटे तक चलेगा, जिसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का संदेश देना है। इस दौरान भाजपा संगठन मंत्री अजय जामवाल, आशीष अग्रवाल, राहुल कोठारी और विधायक भगवानदास सबनानी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *